
जम्मू: जम्मू और कश्मीर के डोडा जिले के भद्रवाह इलाके के रामतुंड में चार संदिग्ध आतंकवादी देखे गए हैं। स्थानीय लोगों ने 10 अगस्त सोमवार दोपहर इस समूह को कैमरे में कैद किया। इसके बाद तुरंत सुरक्षा बलों को इसकी सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने मिलकर एक बड़ा आतंकवाद-विरोधी अभियान शुरू कर दिया है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। संदिग्धों की तलाश में गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
एजेंसियों को आशंका है कि इस समूह में तीन पाकिस्तानी आतंकवादी शामिल हैं। उनके साथ एक स्थानीय आतंकवादी भी हो सकता है। यह समूह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हो सकता है। सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को गंभीरता से ले रही हैं।
सुरक्षा बलों की कई टीमें रामतुंड और आसपास के जंगली इलाकों में तलाशी कर रही हैं। ड्रोन और स्निफर डॉग्स की मदद भी ली जा रही है। स्थानीय पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील की है। इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक संदिग्धों का पता नहीं चल जाता।






