
पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के परिणाम के बाद भाजपा के भीतर हार को लेकर सवाल उठने लगे हैं। भाजपा नेता मुकेश निषाद ने पार्टी के स्टार प्रचारक एवं केंद्रीय राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी निषाद पर निशाना साधते हुए चुनावी हार की नैतिक जिम्मेदारी लेने की मांग की है।
मुकेश निषाद ने कहा कि पार्टी ने जिन नेताओं को स्टार प्रचारक बनाकर चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी थी, अब उनसे चुनाव परिणाम को लेकर जवाब मांगा जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि निषाद (मलाह) समाज का बड़ा वोट बैंक इस चुनाव में प्रशांत किशोर के पक्ष में चला गया, जिसका सीधा नुकसान भाजपा को उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि जब पार्टी ने राजभूषण चौधरी निषाद को समाज का प्रतिनिधि मानकर स्टार प्रचारक की जिम्मेदारी दी थी, तब समाज का अपेक्षित समर्थन भाजपा के पक्ष में नहीं आया।
ऐसे में उन्हें नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री के पद से इस्तीफा देना चाहिए। मुकेश निषाद के इस बयान के बाद भाजपा के भीतर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, इस संबंध में केंद्रीय राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी निषाद अथवा भाजपा नेतृत्व की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।






