पटना: डेहरी डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की मौत का मामला अब सियासी तूल पकड़ता जा रहा है। मामले को लेकर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने विमल कुमार के परिजनों से मुलाकात कर घटना की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। सांसद पप्पू यादव पटना के गोला रोड स्थित विमल कुमार के आवास पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
परिजनों से मुलाकात के बाद पप्पू यादव ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष तरीके से जांच होनी चाहिए, ताकि घटना की वास्तविकता सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि मामले की जांच किसी भी दबाव से प्रभावित नहीं होनी चाहिए और पुलिस को हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच करनी चाहिए। सांसद ने विमल कुमार की पत्नी की ओर से डेहरी विधायक पर लगाए गए आरोपों की भी जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों को भी जांच के दायरे में लाया जाना चाहिए, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।
उन्होंने पुलिस से सभी आरोपों की निष्पक्षता के साथ जांच करने की मांग की। पप्पू यादव ने मामले में ड्राइवर की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में सामने आ रही जानकारी की भी गहराई से जांच किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर एक व्यक्ति अकेले किसी की जान कैसे ले सकता है? उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में पुलिस को हर बिंदु पर गंभीरता से जांच करनी चाहिए और जो भी तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जानी चाहिए।
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि विमल कुमार के परिवार को न्याय मिलना चाहिए और पूरे मामले की सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द सभी तथ्यों को स्पष्ट करने की मांग की।







