
Sawan Dinner Recipes: बिना प्याज-लहसुन भी मिलेगा रेस्टोरेंट जैसा स्वाद, डिनर में ट्राई करें ये 5 झटपट रेसिपीज
सावन का महीना शुरू होते ही कई घरों में प्याज और लहसुन का इस्तेमाल बंद हो जाता है और लोग सात्विक भोजन को प्राथमिकता देने लगते हैं। ऐसे में हर दिन डिनर को लेकर यही सवाल रहता है कि आखिर बिना प्याज-लहसुन के ऐसा क्या बनाया जाए, जो स्वादिष्ट भी हो और जल्दी भी तैयार हो जाए।
अगर आपको लगता है कि बिना प्याज-लहसुन के खाने में रेस्टोरेंट जैसा स्वाद नहीं आ सकता, तो ये 5 झटपट रेसिपीज आपकी सोच बदल सकती हैं। सही मसालों और आसान तरीकों से आप घर पर ही बेहद स्वादिष्ट डिनर तैयार कर सकते हैं।
1. क्रीमी पनीर मखनी
पनीर से बनी डिश डिनर के लिए एक बेहतरीन विकल्प है। बिना प्याज-लहसुन के भी आप घर पर क्रीमी पनीर मखनी तैयार कर सकते हैं।
टमाटर, अदरक और हरी मिर्च को पीसकर पेस्ट बना लें। कड़ाही में घी गर्म करके जीरा, तेजपत्ता और हींग का तड़का लगाएं। अब टमाटर का पेस्ट डालकर अच्छी तरह भूनें। मसाला तेल छोड़ने लगे तो हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और काजू का पेस्ट डालें।
थोड़ा पानी और नमक डालकर ग्रेवी को उबालें। आखिर में पनीर के टुकड़े और गरम मसाला डालकर करीब 5 मिनट पकाएं। तैयार है स्वादिष्ट पनीर मखनी।
2. दही वाले आलू
अगर आपके पास समय कम है, तो दही वाले आलू एक झटपट और स्वादिष्ट विकल्प हैं। इन्हें पूरी, पराठे या चावल के साथ परोसा जा सकता है।
उबले आलू को छोटे टुकड़ों में काट लें। एक कटोरी में दही, हल्दी, धनिया पाउडर और थोड़ा बेसन डालकर अच्छी तरह फेंट लें। कड़ाही में घी गर्म करके जीरा, राई, हरी मिर्च और हींग का तड़का लगाएं। आलू डालकर करीब 2 मिनट भूनें।
आंच धीमी करके दही का मिश्रण डालें और लगातार चलाते रहें, ताकि दही फटे नहीं। एक उबाल आने के बाद नमक डालें और करीब 5 मिनट पकाएं। ऊपर से हरा धनिया डालकर गर्मागर्म सर्व करें।
3. मिक्स वेज पनीर भुर्जी
स्वाद के साथ सब्जियों और पनीर का कॉम्बिनेशन चाहिए तो मिक्स वेज पनीर भुर्जी ट्राई कर सकते हैं। इसे बनाने में करीब 15 मिनट का समय लग सकता है।
शिमला मिर्च, गाजर, बीन्स, मटर और कद्दूकस किया हुआ पनीर लें। कड़ाही में घी या तेल गर्म करके जीरा, अदरक और हरी मिर्च का तड़का लगाएं। अब गाजर, बीन्स और शिमला मिर्च डालकर पकाएं।
सब्जियां थोड़ी नरम होने पर हल्दी, लाल मिर्च, अमचूर पाउडर और नमक डालें। आखिर में कद्दूकस किया हुआ पनीर और हरा धनिया डालकर 2 मिनट ढककर पकाएं।
4. टमाटर-मूंगफली की कढ़ी
टमाटर की खटास और मूंगफली के क्रंच का स्वाद इस कढ़ी को बाकी डिशेज से अलग बनाता है। यह बिना प्याज-लहसुन के बनने वाली एक स्वादिष्ट डिश है।
दो बड़े टमाटरों की प्यूरी बना लें और भुनी हुई मूंगफली को दरदरा पीस लें। एक बर्तन में बेसन, दही और पानी मिलाकर पतला बैटर तैयार करें।
कड़ाही में घी गर्म करके राई, करी पत्ता, सूखी लाल मिर्च और हींग का तड़का लगाएं। टमाटर की प्यूरी डालकर करीब 2 मिनट भूनें। इसके बाद बेसन-दही का बैटर डालें और लगातार चलाते रहें।
उबाल आने पर पिसी मूंगफली, नमक और थोड़ी चीनी डालें। धीमी आंच पर 10-12 मिनट पकाएं। आपकी चटपटी टमाटर-मूंगफली कढ़ी तैयार है।
5. चटपटा चना मसाला
अगर डिनर में कुछ ऐसा खाना चाहते हैं जो पेट भरने के साथ स्वादिष्ट भी हो, तो चटपटा चना मसाला अच्छा विकल्प हो सकता है। इसे जीरा राइस या पूरी के साथ परोसा जा सकता है।
उबले हुए काबुली चने लें। टमाटर, अदरक और हरी मिर्च को पीसकर ग्रेवी तैयार करें। कड़ाही में तेल गर्म करके जीरा, लौंग और बड़ी इलायची का तड़का लगाएं।
अब टमाटर की ग्रेवी डालकर अच्छी तरह भूनें। इसमें हल्दी, धनिया पाउडर, चना मसाला, थोड़ी कसूरी मेथी और नमक डालें। मसाला तेल छोड़ने लगे तो उबले चने और थोड़ा पानी डालकर मिलाएं।
धीमी आंच पर करीब 10 मिनट पकाएं, ताकि मसालों का स्वाद चनों में अच्छी तरह मिल जाए। गरमागरम चना मसाला सर्व करें।
सावन में बनाएं स्वादिष्ट सात्विक डिनर
बिना प्याज और लहसुन के खाना स्वाद में फीका हो, यह जरूरी नहीं है। इन आसान रेसिपीज में इस्तेमाल होने वाले मसाले, दही, पनीर, टमाटर और मूंगफली खाने को भरपूर स्वाद दे सकते हैं। सावन में डिनर के लिए आप इन पांचों में से अपनी पसंद की डिश ट्राई कर सकते हैं।






