ढाका: बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने टी-20 कप्तान लिटन दास को एकदिवसीय टीम का भी कप्तान नियुक्त किया है। वह बीते एक साल से टीम की कप्तानी कर रहे मेहदी हसन मिराज की जगह लेंगे। बीसीबी के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने बुधवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि लिटन को उनकी नेतृत्व क्षमता के कारण कप्तान बनाया गया है, लेकिन इसके साथ ही बोर्ड मेहदी को एक खिलाड़ी के रूप में बिना अतिरिक्त जिम्मेदारी के देखना चाहता है। मेहदी की कप्तानी में बंगलादेश ने वेस्टइंडीज, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार वनडे सीरीज जीती थीं।
तमीम ने कहा, “बोर्ड का मानना है कि सफेद और लाल गेंद की क्रिकेट के लिए दो अलग-अलग कप्तान होने चाहिए। लिटन दास सीमित ओवर टीम के कप्तान होंगे, जबकि शांतो टेस्ट टीम की कप्तानी जारी रखेंगे। यह घोषणा करते समय यह कहना भी जरूरी है कि मिराज बेहद सफल कप्तान रहे हैं। उन्होंने पिछली पांच में से चार वनडे सीरीज में बंगलादेश को जीत दिलाई है।
उन्होंने अच्छा काम किया है, लेकिन मैं हमेशा मानता हूं कि बंगलादेश के लिए मिराज एक खिलाड़ी के रूप में किसी भी दूसरी भूमिका से ज़्यादा महत्वपूर्ण हैं। फ़िलहाल हम बल्लेबाज के रूप में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं देख पा रहे हैं, हालांकि वह गेंदबाजी में अच्छा कर रहे हैं। जैसे ही वह अपनी पूरी लय में लौटेंगे, बंगलादेश कई मुकाबले जीतेगा।”
एकदिवसीय क्रिकेट में बांग्लादेश को अभी तक लिटन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देखने को नहीं मिला है। उन्होंने 104 मैचों में 30.84 की औसत से रन बनाए हैं। टी-20 में उन्होंने कप्तान के तौर पर अच्छा प्रदर्शन किया है और पिछले दो सालों में 31 में से 16 मैचों में जीत दिलाई है। तमीम ने कहा कि लिटन की नेतृत्व क्षमता ही उन्हें स्थायी सीमित ओवर कप्तान बनाने का मुख्य कारण रही।
इस महीने की शुरुआत में जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज हारने के बाद बंगलादेश ने यह फैसला लिया गया है। अब लिटन दोनों सीमित ओवर टीमों की कप्तानी करेंगे, जबकि नजमुल हुसैन शांतो टेस्ट टीम के कप्तान बने रहेंगे।







