पटना: बिहार में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज सुबह सात बजे से मतदान शुरू ही गया। 422 बूथों पर 3,79,616 मतदाता
अपने मताधिकार का प्रयोग कर 25 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें 2,00,060 पुरुष, 1,79,533 महिला और 23 तीसरे जेंडर के मतदाता शामिल हैं। मतदान शुरू होने से पहले ही कई मतदान केन्द्रों पर मतदाता कतार में खड़े दिखे। कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुबह से ही लम्बी कतार लगी हुयी थी । बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कुंदन कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के.शर्मा ने बताया कि प्रशासन ने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी 422 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग और लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की है, जिससे मतदान प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा सके और पूरी चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जा सके। चुनाव की सुरक्षा के लिए केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की 14 कंपनियां तैनात की गई हैं। इसके अलावा 9 फ्लाइंग स्क्वॉड, 18 स्टैटिक सर्विलांस टीम, 6 वीडियो सर्विलांस टीम, 3 वीडियो व्यूइंग टीम और 42 सेक्टर पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। चुनावी गतिविधियों की निगरानी के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। मतदाता किसी भी जानकारी के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।सभी 422 मतदान केंद्रों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती की गयी है। विधानसभा क्षेत्र के सभी 422 पोलिंग बूथों पर नगर निगम के कुल 1,266 कर्मियों की तैनाती की है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी कुंदन कुमार ने बताया कि बांकीपुर उपचुनाव के अवसर पर 16 जोनल दंडाधिकारी एवं 08 सुपर जोनल दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। वाहन चेक पोस्ट, सीमा सील, नाकेबंदी, नदी गश्ती, अश्वरोही गश्ती तथा जिला के प्रमुख स्थलों पर ड्रॉप गेट के माध्यम से सघन जाँच की व्यवस्था भी की गई है। प्रतिनियुक्त सभी 42 सेक्टर दंडाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारी से खास तौर से कहा गया है कि वह मतदान के दिन गतिशील रहकर अपने क्षेत्र में हर गतिविधि पर नजर रखें एवं भयमुक्त एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करायें।
गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सांसद बनने के बाद उनके बांकीपुर विधानसभा सीट से इस्तीफा देने के कारण यह सीट रिक्त हुई है।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की रेखा गुप्ता, जनसुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर समेत कुल 25 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मतगणना तीन अगस्त को होगी, जबकि चुनाव प्रक्रिया चार अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी।







