Home मनोरंजन उर्वा सवालिया की सीखने की लगन अर्जुन जैसी, जितेन लालवानी ने की...

उर्वा सवालिया की सीखने की लगन अर्जुन जैसी, जितेन लालवानी ने की जमकर सराहना

17
0
Urwa Sawaliya's passion for learning is like Arjuna's, Jiten Lalwani praises her.

मुंबई: सोनी सब के पौराणिक धारावाहिक ‘हस्तिनापुर के वीर’ में गुरु द्रोणाचार्य की भूमिका निभा रहे अभिनेता जितेन लालवानी ने युवा अर्जुन की भूमिका निभाने वाले उर्वा सवालिया की प्रशंसा करते हुए कहा है कि उसकी जिज्ञासा और सीखने की लगन वैसी ही है, जैसा हमारे शास्त्रों में अर्जुन का वर्णन किया गया है।यह धारावाहिक पांडवों और कौरवों के बचपन की अनकही कहानियों को दर्शकों के सामने प्रस्तुत कर रहा है। शो में गुरु द्रोणाचार्य और अर्जुन के बीच अनुशासन, विश्वास और मार्गदर्शन पर आधारित संबंध को प्रमुखता से दिखाया गया है, जिसने अर्जुन को इतिहास के महानतम धनुर्धरों में से एक बनने की राह दिखाई।


जितेन लालवानी ने कहा कि ऑन-स्क्रीन गुरु-शिष्य का रिश्ता निभाने के साथ-साथ ऑफ-स्क्रीन भी उनके और उर्वा के बीच एक सहज एवं आत्मीय संबंध बन गया है। उन्होंने बताया कि रिहर्सल, धनुर्विद्या की मुद्राओं पर चर्चा और शूटिंग के दौरान होने वाली बातचीत ने उर्वा के आत्मविश्वास को बढ़ाने में मदद की है। उन्होंने कहा, “उर्वा बेहद ईमानदार और मेहनती बच्चा है। उसकी जिज्ञासा और सीखने की उत्सुकता बिल्कुल वैसी ही है, जैसा कि हमारे शास्त्रों में अर्जुन का वर्णन किया गया है। मुझे कभी ऐसा नहीं लगता कि मैं किसी बच्चे के साथ काम कर रहा हूँ, क्योंकि वह सेट पर जो परिपक्वता दिखाता है, वह अद्भुत है। कैमरे बंद होने पर भी वह सोच-समझकर सवाल पूछता है, हर छोटी-छोटी बात पर ध्यान देता है और लगातार बेहतर बनने की कोशिश करता है।”

GNSU Admission Open 2026


जितेन ने कहा कि दोनों के बीच काम के साथ-साथ कई मज़ेदार पल भी होते हैं, जिससे सेट का माहौल हल्का और सकारात्मक बना रहता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऑफ-स्क्रीन बना यह विश्वास और आत्मीयता द्रोणाचार्य और अर्जुन के ऑन-स्क्रीन संबंध में भी दिखाई देगी। शो ‘हस्तिनापुर के वीर’ का प्रसारण सोनी सब पर सोमवार से शनिवार रात नौ बजे किया जाता है।