पटना: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह ने भविष्य की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने साफ कहा कि वह अब विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर भी बड़ा संकेत देते हुए कहा कि जैसे उन्होंने नीतीश कुमार का साथ दिया, उसी तरह उनका बेटा भी आगे निशांत कुमार के साथ रहेगा। विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने कहा कि वह पहले भी चुनाव नहीं लड़ने की बात कह चुके हैं और आज भी अपने फैसले पर कायम हैं।
उन्होंने कहा कि मैं अब चुनाव नहीं लड़ूंगा। यह बात पहले भी कही थी और आज भी दोहरा रहा हूं। जैसे हम नीतीश कुमार के साथ रहे हैं, वैसे ही हमारा बेटा निशांत कुमार के साथ रहेगा। विधायक अनंत सिंह ने कहा कि जब खुद नीतीश कुमार यह स्पष्ट कर चुके हैं कि वह अब मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे और आगे चुनाव नहीं लड़ेंगे, तो इसलिए मैं भी चुनाव नहीं लडूंगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह बाहर से लौटे हैं और सबसे पहले जनता की समस्याएं सुनेंगे, उसके बाद आगे की राजनीतिक बात करेंगे। निशांत कुमार को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने खुलकर समर्थन जताया।
उन्होंने कहा कि जिस तरह उन्होंने वर्षों तक नीतीश कुमार का साथ निभाया, उसी तरह उनका बेटा भी भविष्य में निशांत कुमार के साथ रहेगा। उनके इस बयान को बिहार की राजनीति में अहम संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के कामकाज को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने उसकी सराहना करते हुए कहा कि खूब बढ़िया… खूब बढ़िया काम हो रहा है। वहीं विधानसभा में विपक्ष के नेताओं, खासकर तेजस्वी यादव की अनुपस्थिति को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह इस तरह की गैर-जरूरी बातों पर कुछ नहीं कहना चाहते।







