
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी के उद्देश्य से पुलिस द्वारा रविवार को शुरू किया गया व्यापक सर्च एवं सत्यापन अभियान देर रात तक जारी रहा। कमिश्नरेट पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी साझा करते हुए बताया कि तेलीबांधा थाना क्षेत्र की बीएसयूपी कॉलोनी, लाभांडी में 100 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं जवानों ने 200 से ज्यादा मकानों की जांच कर किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों और अन्य संदिग्ध लोगों का सत्यापन किया।
पुलिस के अनुसार अभियान पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त (सिविल लाइन) रमाकांत साहू के नेतृत्व में संचालित किया गया। इसमें तेलीबांधा थाना और पुलिस लाइन के बल को अलग-अलग टीमों में विभाजित कर क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर जांच और सत्यापन की कार्रवाई की गई। इसी प्रकार उत्तर जोन में भी अधिकारियों ने गश्त कर निगरानी बढ़ाई।
अभियान के दौरान किरायेदारों, घरेलू सहायकों तथा अन्य बाहरी व्यक्तियों से संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। पुलिस ने मकान मालिकों से भी जानकारी लेकर उपलब्ध अभिलेखों का मिलान किया। जिन स्थानों के संबंध में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी, वहां विशेष रूप से पूछताछ भी की गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि “नियमित सत्यापन अभियान से चोरी, लूट, नशे के कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने में मदद मिलती है। हाल के दिनों में शहर में हुई वारदातों को देखते हुए ऐसे अभियान और तेज किए जा रहे हैं।” कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों, घरेलू सहायकों और अन्य बाहरी व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम या निकटतम थाने को सूचित करें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि “इस तरह के सरप्राइज चेकिंग और सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।”






