प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने शुक्रवार को मम्फोर्डगंज स्थित पारसी कब्रिस्तान पहुंचकर पूर्व सांसद एवं स्वतंत्रता सेनानी फिरोज जहांगीर गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनके परिवार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। श्री पाल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनका परिवार कभी भी फिरोज गांधी की जयंती अथवा पुण्यतिथि पर उनकी समाधि पर श्रद्धांजलि देने नहीं आता। उन्होंने कहा कि फिरोज गांधी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, पत्रकार और सांसद रहे हैं, इसलिए भाजपा उनके योगदान का सम्मान करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रही है। उन्होंने श्री राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेतृत्व अपने पूर्वजों के प्रति भी दायित्व नहीं निभा रहा है। उन्होंने दावा किया कि श्री गांधी स्वयं को ब्राह्मण बताते हैं, जबकि उनके दादा फिरोज गांधी पारसी थे। प्रकाश पाल ने कहा कि राहुल गांधी और उनका परिवार अपनी राजनीतिक सुविधा के अनुसार पहचान प्रस्तुत करता है।
भाजपा नेता ने कहा कि फिरोज गांधी के परिवार ने देश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि फिरोज गांधी के ससुर पंडित जवाहरलाल नेहरू, पत्नी इंदिरा गांधी और पुत्र राजीव गांधी देश के प्रधानमंत्री रहे, जबकि वर्तमान में राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। इसके बावजूद परिवार द्वारा फिरोज गांधी को श्रद्धांजलि न दिए जाने पर उन्होंने सवाल उठाए।
हालांकि प्रकाश पाल ने इस कार्यक्रम को राजनीतिक गतिविधि मानने से इनकार करते हुए कहा कि भाजपा स्वतंत्रता सेनानियों और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए योगदान देने वाले सभी व्यक्तित्वों का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता आएं या न आएं, भाजपा के कार्यकर्ता फिरोज गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते रहेंगे।







