मुंबई: स्टार प्लस के लोकप्रिय धारावाहिक ‘उड़ने की आशा’ में सात साल का लीप आने जा रहा है, जिसके साथ कहानी एक नए और भावनात्मक मोड़ पर पहुंच जाएगी। इस बदलाव के साथ अभिनेता कंवर ढिल्लों भी नए लुक में नजर आएंगे। उन्होंने अपने किरदार के लिए ढाई साल बाद पहली बार अपने बाल कटवाए हैं।
लीप के बाद की कहानी में सचिन और सायली की जिंदगी सात वर्ष आगे बढ़ चुकी है। अपने बेटे के जीवित होने और उनसे दूर पल-बढ़ रहे होने से अनजान दोनों अपनी बेटी पूर्णा के साथ नई जिंदगी शुरू करते हैं। हालांकि उनके जीवन में अपने खोए हुए बेटे की कमी का दर्द अब भी बना हुआ है।
सचिन की भूमिका निभा रहे कंवर ढिल्लों ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में दर्शकों ने सचिन और सायली के सफर को बेहद करीब से महसूस किया है और अब वे यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि आगे उनकी जिंदगी में क्या होने वाला है। उन्होंने कहा कि लीप के बाद की कहानी भावनाओं और दिल को छू लेने वाले पलों से भरपूर है।
कंवर ने बताया कि इस नए चरण के लिए उन्होंने अपने लुक में भी बदलाव किया है। उन्होंने कहा, “ढाई साल बाद मैंने आखिरकार इस किरदार के लिए अपने बाल कटवाए हैं।”
धारावाहिक ‘उड़ने की आशा’ का नया अध्याय आज रात 8:30 बजे स्टार प्लस पर प्रसारित होगा तथा जियोहॉटस्टार पर भी उपलब्ध रहेगा।







