Home राष्ट्रीय रेबीज की आशंका वाले सांड का तीन घंटे तक तांडव, इलाके में...

रेबीज की आशंका वाले सांड का तीन घंटे तक तांडव, इलाके में मची अफरा-तफरी

19
0
A bull suspected of having rabies went on a rampage for three hours, causing panic in the area.

खरगोन: मध्यप्रदेश के खरगोन जिला मुख्यालय पर मंगलवार को रेबीज से संक्रमित होने की आशंका वाले एक बेकाबू सांड ने करीब तीन घंटे तक उत्पात मचाया। इस दौरान दो दोपहिया वाहन सवार घायल हो गए तथा दो फल ठेलों को नुकसान पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद नगर पालिका परिषद के जल शाखा परिसर में सांड को काबू कर बांध दिया गया। कोतवाली थाना प्रभारी बी.एल. मंडलोई ने बताया कि दोपहर में सांड अचानक पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय परिसर में पहुंच गया। उसके आक्रामक व्यवहार से परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गौ-रक्षकों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसी दौरान सांड ने लगभग छह फीट ऊंचे मुख्य द्वार को छलांग लगाकर पार कर लिया और सड़क पर पहुंच गया।


सड़क पर सांड ने दो दोपहिया वाहन सवारों को टक्कर मारकर घायल कर दिया तथा दो फल ठेलों को भी नुकसान पहुंचाया। एसपी कार्यालय से नगर पालिका परिषद तक उसके दौड़ते रहने से राहगीरों और वाहन चालकों में दहशत का माहौल रहा। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।

GNSU Admission Open 2026


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय एसपी कार्यालय में साप्ताहिक जनसुनवाई चल रही थी, जिसमें बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। सांड के परिसर में घुसते ही पुलिस ने तत्काल चैनल गेट और मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिए, ताकि वह अधिकारियों के कार्यालयों तक नहीं पहुंच सके।


थाना प्रभारी ने बताया कि बाद में सांड नगर पालिका परिषद के जल शाखा परिसर में पहुंच गया, जहां नगर पालिका कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से उसे काबू कर रस्सियों से बांध दिया गया। पुलिस के अनुसार, सांड के व्यवहार को देखते हुए उसके रेबीज से संक्रमित होने की आशंका है। संबंधित विभाग को इसकी सूचना दे दी गई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।