Home राष्ट्रीय प्रयागराज में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार दो युवकों की मौत

प्रयागराज में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार दो युवकों की मौत

22
0
Tragic road accident in Prayagraj, two bike riders died

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के नवाबगंज थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो मोटरसाइकिल सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा वाराणसी-कानपुर हाईवे पर मेंडारा अंडरपास के पास हुआ, जब एक अनियंत्रित ट्रेलर रेलिंग तोड़ते हुए सर्विस रोड पर जा गिरा और उसकी चपेट में आए मोटरसाइकिल सवार दोनों युवकों की जान चली गई।


पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि कल रात करीब 10 बजे स्थानीय लोगों से दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही नवाबगंज थाना प्रभारी पुलिस बल और सीसी टीम के साथ तत्काल घटना स्थल पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में पता चला कि ट्रेलर अनियंत्रित होकर राजमार्ग की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे सर्विस रोड पर आ गया था। इसी दौरान वहां से गुजर रही मोटरसाइकिल सवार उसकी चपेट में आ गए। दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार सुनील पांडेय उर्फ मस्ते (पुत्र सर्वानंद पांडेय), निवासी नेम का पूरा, थाना नवाबगंज, प्रयागराज, और राजकुमार मोदनवाल (पुत्र सत्यनारायण मोदनवाल), निवासी कौड़ीहार, थाना नवाबगंज, प्रयागराज की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा और अन्य विधिक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए एसआरएन हॉस्पिटल भिजवा दिया गया। मोटरसाइकिल के पंजीकरण विवरण के आधार पर मृतकों के परिजनों का मोबाइल नंबर प्राप्त कर उन्हें घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया था। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया और शांति व्यवस्था बनाए रखी।

GNSU Admission Open 2026


इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक थाना नवाबगंज पंकज अवस्थी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फरार ड्राइवर की तलाश जारी है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।