Home राष्ट्रीय ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क...

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क में किया गया पौधरोपण

16
0
Tree plantation was done in Shaheed Chandrashekhar Azad Park under the campaign 'One Tree in the Name of Mother'.

प्रयागराज: देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर पर्यावरण को स्वच्छ, सुन्दर और हरा भरा रखने के लिए एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत की गई है। इसी अभियान के तहत रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाए जा रहे हैं। संगम नगरी प्रयागराज में भी 82 लाख 50 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने ऐतिहासिक शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया। उन्होंने आज सबसे पहले शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने हरिशंकरी पौधा रोपित किया। हरिशंकरी पौधे के तहत बरगद पीपल और पाकड़ के पौधे एक साथ लगाए जाते हैं। ऐसी मान्यता है कि हरिशंकरी पौधे हमें प्राण वायु प्रदान करते हैं।


इस मौके पर कैबिनेट मंत्री नंदी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का एक पेड़ मां के नाम अभियान कोई राजनीतिक अभियान नहीं है। उन्होंने इस अभियान से सभी लोगों के जुड़ने की अपील की है। कैबिनेट मंत्री ने कहा है कि तमाम लोग अपने गांवों को छोड़कर शहरों में आकर बस गए हैं लेकिन उन्हें अपने गांव में जाकर एक पेड़ मां के नाम जरूर लगाना चाहिए। ताकि माता-पिता के न रहने के बाद भी उनका आशीर्वाद हमें मिलता रहे।

GNSU Admission Open 2026


श्री नंदी ने इस मौके पर पेड़ लगाओ पेड़ बचाओ का भी संदेश दिया। उन्होंने यह भी बताया कि किस तरह से प्रयागराज के यमुना पार इलाके के बसवार में माफियाओं से खाली कराई गई जमीन पर पितृ छाया के नाम से पौधे लगाए गए हैं। जो तेजी से फल फूल रहे हैं। उन्होंने इस मौके पर एक पेड़ मां के नाम अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी, वन विभाग के अधिकारियों और इस मुहिम से जुड़े अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की भी हौसला अफजाई की।


वहीं जिलाधिकारी प्रयागराज मनीष कुमार वर्मा के मुताबिक एक पेड़ मां के नाम अभियान को जिले में जन आंदोलन के रूप में लिया गया है।उनके मुताबिक आज सुबह 9:00 बजे तक ही 25 फ़ीसदी पेड़ लगाने का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। जिलाधिकारी का कहना है कि 82 लाख 50 हजार पौधे लगाने का जिले में लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने दावा किया है कि जिस तरह की जिले में तैयारी है उससे 90 लाख से ज्यादा पौधे आज प्रयागराज जिले में लगेंगे। जिलाधिकारी वर्मा के मुताबिक इस अभियान को लेकर लगातार हर घंटे वह भी रिपोर्ट ले रहे हैं। इसके अलावा शासन स्तर से भेजे गए नोडल अधिकारी भी अलग-अलग क्षेत्रों में जहां पर पौधारोपण हो रहा है वहां का जायजा ले रहे हैं।