Home राष्ट्रीय छत्तीसगढ़ में पीएमजीएसवाई सड़कों की निगरानी अब AI करेगा, पारदर्शिता और गुणवत्ता...

छत्तीसगढ़ में पीएमजीएसवाई सड़कों की निगरानी अब AI करेगा, पारदर्शिता और गुणवत्ता पर जोर

24
0
AI to monitor PMGSY roads in Chhattisgarh, emphasis on transparency and quality

रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत निर्मित ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता और रखरखाव को बेहतर बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित निरीक्षण प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया है। उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत तथा ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने अधिकारियों को इस व्यवस्था को शीघ्र लागू करने के निर्देश दिए हैं। यह जानकारी आज दी गयी।


गौरतलब है कि शुक्रवार को आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में बताया गया कि राज्य की प्रत्येक पीएमजीएसवाई सड़क का हर महीने वीडियो आधारित निरीक्षण किया जाएगा। इसके लिए एआई आधारित मोबाइल एप और डैशबोर्ड तैयार किया गया है, जो सड़कों पर गड्ढों, दरारों और अन्य क्षतियों की स्वतः पहचान कर उनका विश्लेषण करेगा। इससे सड़कों की वास्तविक स्थिति का सटीक आकलन हो सकेगा और निगरानी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी।

GNSU Admission Open 2026


बैठक में श्री विजय शर्मा ने कहा कि एआई से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सबसे अधिक क्षतिग्रस्त सड़कों की प्राथमिकता तय की जाएगी। इसके अनुरूप मरम्मत और संधारण की कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से काम कराया जाएगा, जिससे संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शनिवार से प्रदेश के प्रत्येक जिले में एक-एक चयनित सड़क पर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में एआई आधारित निरीक्षण शुरू किया जाए। प्रारंभिक परिणामों के विश्लेषण के बाद इस प्रणाली को पूरे राज्य में लागू किया जाएगा।


बैठक में अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, सचिव भीम सिंह, सचिव धर्मेश साहू, प्रधानमंत्री आवास योजना के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के संचालक अश्वनी देवांगन सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।