मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जिले के बिलारी क्षेत्र में देर रात हुए एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि बिलारी थाना क्षेत्र के गांव रुस्तमनगर सहसपुर स्थित एक फार्म हाउस में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के बाद तीन दोस्त एक ही बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
गुरुवार देर शाम करीब 9:45 बजे कर्बला मोड़ के पास उनकी बाइक एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में संभल जिले के थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र निवासी अजब सिंह (35), नेम सिंह (40) और बेहटा खास निवासी अवधेश (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने अजब सिंह और नेम सिंह को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल अवधेश को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया गया है।







