
सासाराम: 65वीं राज्यस्तरीय सुब्रतो मुखर्जी अंडर-17 बालक फुटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रोहतास जिले की टीम शुक्रवार को किशनगंज के लिए रवाना हुई। यह प्रतियोगिता 10 से 14 जुलाई तक किशनगंज में आयोजित होगी। इस बार रोहतास जिले का प्रतिनिधित्व उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, नरैना (चेनारी) की टीम करेगी। टीम में बीकू कुमार, शिवम कुमार, साजन सिंह, सोनू कुमार, साहिल कुमार, शुभम कुमार, प्रियांशु तिवारी, नवरत्न कुमार, संदीप कुमार, सुजीत कुमार, प्रेम कुमार, ऋषिकेश कुमार, अंकित कुमार, हरेराम कुमार, सूरज कुमार, हिमांशु कुमार, करिश्मा कुमार, शब्बीर अली और साहिल कुमार शामिल हैं।
टीम की कमान कप्तान साहिल कुमार को सौंपी गई है, जबकि संदीप कुमार को उपकप्तान बनाया गया है। टीम के मैनेजर के रूप में एनआईएस प्रशिक्षित उपेंद्र कुमार तिवारी तथा कोच के रूप में विकास कुमार खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे। रवाना होने से पहले विद्यालय की प्रधानाचार्य शिव कुमारी सिंह एवं शिक्षकों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर रोहतास जिला फुटबॉल संघ के सचिव सुरेंद्र सिंह ने टीम का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरना चाहिए। वहीं बिहार फुटबॉल संघ के संयोजक सह रोहतास जिला फुटबॉल संघ के उप सचिव राहुल सिंह ने घोषणा की कि प्रतियोगिता में गोल करने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
गौरतलब है कि उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, नरैना की फुटबॉल टीम पिछले वर्ष मोतिहारी में आयोजित राज्यस्तरीय मशाल प्रतियोगिता तथा राजगीर (नालंदा) में आयोजित 64वीं राज्यस्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप प्रतियोगिता में सेमीफाइनल तक पहुंची थी, लेकिन फाइनल में प्रवेश से चूक गई थी। इस बार टीम पिछले प्रदर्शन से आगे बढ़ते हुए खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।






