मुंबई: महाराष्ट्र के राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ) के एक जवान ने कथित तौर पर राज्यपाल के आधिकारिक आवास लोक भवन परिसर के भीतर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मालाबार हिल पुलिस थाना के अधिकारियों के अनुसार यह घटना सोमवार रात करीब 8:30 बजे हुई। मृतक की पहचान कौस्तुभ सांगले के तौर पर हुई है। वह कोल्हापुर की एसआरपीएफ ग्रुप-16 से जुड़े थे और मालाबार हिल स्थित उच्च सुरक्षा वाले लोक भवन पर गार्ड ड्यूटी पर तैनात थे।
शुरुआती जांच से पता चलता है कि सांगले ने ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस राइफल का इस्तेमाल किया। गोली चलने की आवाज सुनकर सुरक्षाकर्मी तुरंत मौके पर पहुँचे लेकिन उन्हें सांगले खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। उन्हें मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुँचे और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की तथा जांच के हिस्से के तौर पर सबूत इकट्ठा किए।
पुलिस ने बताया कि कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और कथित आत्महत्या के पीछे का सही कारण अभी पता नहीं चल पाया है। जांच चल रही है और अधिकारी घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहे हैं।







