अमृतसर: पंजाब में अमृतसर आयुक्तालय पुलिस ने सीमा पार से संचालित अवैध हथियार तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से सात अत्याधुनिक पिस्तौल और 40 कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सोशल मीडिया एप के माध्यम से विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे। आरोपियों को सीमा पार के रास्तों से अवैध हथियारों की खेप मिलती थी, जिन्हें आगे आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जाता था।
डीजीपी यादव ने कहा कि इस संबंध में अमृतसर के सुल्तानविंड थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि इस तस्करी गिरोह के पीछे और आगे के सभी संपर्कों का पता लगाया जा सके तथा इसमें शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य में अवैध हथियार तस्करी, संगठित अपराध और सीमा पार से संचालित आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।







