नैनीताल: उत्तराखंड में मानसून के सक्रिय होने के साथ ही मौसम विभाग और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने एक से तीन जुलाई तक अत्यधिक बारिश होने की चेतावनी जारी किया है। प्रशासन ने सभी जिलों को सतर्क रहने तथा आवश्यक एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को देहरादून और बागेश्वर में कहीं-कहीं अतिवृष्टि होने का अनुमान है।
वहीं टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत, उधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश का अनुमान है। पर्वतीय जिलों में आकाशीय बिजली, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं तथा बारिश के तीव्र दौर भी देखने को मिल सकते हैं। विभाग के अनुसार दो जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है, जबकि हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में भारी वर्षा का अनुमान लगाया है।
तीन जुलाई को नैनीताल और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश तथा देहरादून, टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़कें बंद होने, नदियों-नालों के उफान, जलभराव और आकस्मिक बाढ़ जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अत्यंत सावधानी बरतने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गयी है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को आपदा प्रबंधन तंत्र सक्रिय रखने, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने, राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड में रखने तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को मुख्यालय न छोड़ने के निर्देश दिये हैं।







