Home बिहार दरभंगा में दर्दनाक हादसा, गड्ढे में डूबने से दो मासूमों की मौत

दरभंगा में दर्दनाक हादसा, गड्ढे में डूबने से दो मासूमों की मौत

26
0
Tragic incident in Darbhanga: Two young children die after drowning in a pit.

दरभंगा: दरभंगा जिले के केवटी थाना क्षेत्र के जलवारा गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया, जबकि दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई। बच्चों की माताओं का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम गांव के कई बच्चे जलवारा गांव के पूर्व दिशा में स्थित एक पानी भरे गड्ढे के पास खेल रहे थे। इसी दौरान 10 वर्षीय मो. कासिम और 8 वर्षीय मो. कमरान नहाने के लिए गड्ढे में उतर गए।

कुछ ही देर में दोनों गहरे पानी में डूबने लगे। साथ खेल रहे अन्य बच्चों ने शोर मचाकर ग्रामीणों और परिजनों को इसकी सूचना दी। ग्रामीण और परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मासूमों के शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव की महिलाएं परिजनों को ढांढस बंधाती रहीं, लेकिन दोनों माताएं अपने बच्चों को खोने का गम सह नहीं सकीं।

GNSU Admission Open 2026

मृतकों की पहचान जलवारा निवासी मो. जहांगीर के पुत्र मो. कासिम (10) और मो. शमशाद के पुत्र मो. कमरान (8) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर अंचलाधिकारी भास्कर कुमार मंडल और केवटी थानाध्यक्ष सदन राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। परिजनों ने दोनों बच्चों के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा तैयार कर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव परिजनों को सौंप दिया। देर शाम दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।