Home बिहार मामूली विवाद में देवर बना हैवान, कुदाल से वार कर भाभी की...

मामूली विवाद में देवर बना हैवान, कुदाल से वार कर भाभी की हत्या

137
0
Brother-in-law turns monster over minor dispute, kills sister-in-law with a spade

सारण: सारण जिले के गड़खा थाना क्षेत्र अंतर्गत सालहा गांव में शुक्रवार देर शाम घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक देवर ने अपनी ही भाभी की कुदाल से हमला कर हत्या कर दी। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। मृतका की पहचान सालहा गांव निवासी नंदन महतो की 35 वर्षीय पत्नी पुष्पा देवी के रूप में हुई है। वहीं हत्या के बाद आरोपी देवर सोनू महतो मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था। घटना की सूचना मिलते ही गड़खा थाने के थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

इसके बाद एसडीपीओ राम पुकार सिंह एवं एफएसएल टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए हत्या में प्रयुक्त कुदाल को जब्त कर लिया है। एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। परिजनों के अनुसार, आरोपी सोनू महतो कोलकाता में रहकर ड्राइवर का काम करता है और फिलहाल अविवाहित है। वह दो दिन पहले ही गांव आया था। शुक्रवार देर शाम घर में किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि गुस्से में सोनू ने घर में रखी कुदाल उठाई और अपनी भाभी पुष्पा देवी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

GNSU Admission Open 2026

सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने बताया कि परिवार में पहले भी छोटी-मोटी कहासुनी होती रहती थी, लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा था कि विवाद हत्या तक पहुंच जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर काफी नाराजगी देखी जा रही है। इस संबंध में गड़खा थाने के थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।