Home बिहार पोते को बचाने पहुंचे दादा की बेटे ने की हत्या, मुजफ्फरपुर की...

पोते को बचाने पहुंचे दादा की बेटे ने की हत्या, मुजफ्फरपुर की घटना से सहमा गांव

161
0
Son kills grandfather who came to rescue grandson, village shaken by Muzaffarpur incident

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नशे के आदी बेटे ने अपने ही पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना जिले के गरहां थाना क्षेत्र के सनाठी गांव की बताई जा रही है। मृतक की पहचान 65 वर्षीय महेश सहनी के रूप में हुई है, जो पेशे से मछली व्यवसायी थे। घटना के बाद आरोपी पुत्र घर छोड़कर फरार हो गया है। मृतक की पत्नी नगीना देवी के बयान पर आरोपी पुत्र मनोज सहनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय महेश सहनी अपने पोते के साथ थे। इसी दौरान आरोपी पुत्र मनोज सहनी ने नशे की हालत में अपने ही पिता पर हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल महेश सहनी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक की पत्नी नगीना देवी ने बताया कि उनका पोता छोटू कुमार शनिवार को स्कूल जाने में आनाकानी कर रहा था और खेलने में लगा हुआ था। इससे नाराज होकर उसका पिता मनोज सहनी उसे बेरहमी से पीटने लगा। उस समय वह नशे में था। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर दादा महेश सहनी बीच-बचाव करने पहुंचे और बेटे को पोते पर हाथ उठाने से मना किया। परिजनों के अनुसार, पिता के रोकने पर मनोज सहनी अपना आपा खो बैठा।

GNSU Admission Open 2026

उसने पास में रखा बांस उठाकर महेश सहनी के सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में परिजन उन्हें गांव के डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर देखते हुए शहर रेफर कर दिया गया। परिजन घायल महेश सहनी को इलाज के लिए एसकेएमसीएच मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, वारदात के बाद आरोपी पुत्र मौके से फरार हो गया। इस मामले को लेकर एसकेएमसीएच मेडिकल कॉलेज के ओपी के एसआई राहुल कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मृतक की पत्नी के बयान पर मामला दर्ज कर संबंधित थाने को कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।