गयाजी: गयाजी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात ने लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रामशिला मोड़ स्थित इलाके के चर्चित ‘मुखिया जी’ के सूने घर को निशाना बनाकर अज्ञात बदमाशों ने लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना उस वक्त हुई, जब पूरा परिवार शादी समारोह में शामिल होने बाहर गया हुआ था। पुलिस को शक है कि वारदात के पीछे किसी संगठित चोर गिरोह का हाथ हो सकता है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार स्वर्गीय कैलाश मुखिया के नाम से इलाके में प्रसिद्ध है। उनके पुत्र दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को पड़ोसियों से घर में चोरी की सूचना मिलने के बाद वे तत्काल वापस लौटे।
घर पहुंचने पर मुख्य दरवाजे का ताला बंद मिला, लेकिन अंदर का दृश्य देखकर परिवार स्तब्ध रह गया। परिजनों ने बताया कि कमरे का सामान पूरी तरह बिखरा पड़ा था और आलमारी व बक्सों के ताले टूटे हुए थे। बदमाश बड़ी सफाई से घर में रखे सोने-चांदी के कीमती गहने समेटकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार का कहना है कि चोरों ने केवल असली जेवरात पर हाथ साफ किया, जबकि आर्टिफिशियल ज्वेलरी को बिल्कुल नहीं छुआ। इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि चोरी को अंजाम देने वाले अपराधियों को गहनों की अच्छी पहचान थी और उन्होंने पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इसी बीच वारिशनगर मोहल्ले में भी चोरी की एक दूसरी घटना सामने आई, जहां स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। उसके पास से मिले बैग में कुछ जेवरात बरामद हुए हैं, जिनकी पहचान कराई जा रही है। दिलीप कुमार सिंह ने दावा किया है कि बरामद कुछ गहने उनके घर से चोरी हुए सामान से मिलते-जुलते हैं। हालांकि, पुलिस अभी पूरी तरह पुष्टि करने से बच रही है और हिरासत में लिए गए संदिग्ध से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों घटनाओं के तार किसी सक्रिय चोर गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।







