Home बिहार कैमूर: दूध लदे वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर, तीन घायल, एक...

कैमूर: दूध लदे वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर, तीन घायल, एक वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर

154
0
Kaimur: Milk laden vehicle hit by truck, three injured, one referred to Varanasi Trauma Centre

मोहनिया: मोहनिया शहर के पुराने सिनेमा हॉल के सामने एनएच-19 पर सोमवार की अहले सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने दूध लदे वाहन में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वाहन सवार तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत कार्य शुरू कराया। स्थानीय राहगीरों की मदद से घायलों को तत्काल अनुमंडल अस्पताल मोहनिया लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। घायलों की पहचान रामगढ़ थाना क्षेत्र के दरौली गांव निवासी असलम के 19 वर्षीय पुत्र कैफ, जैदी अशरफी के 28 वर्षीय पुत्र मेराज तथा इश्तियाक के 23 वर्षीय पुत्र गुलाम सरवर के रूप में हुई है।

घायल गुलाम सरवर ने बताया कि वे लोग अपने वाहन में दूध लोड कर सासाराम से गाजीपुर जा रहे थे। मोहनिया के पुराने सिनेमा हॉल के पास एनएच-19 से सर्विस रोड पर उतरने के दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग घायल हो गए। वही अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अमित तिवारी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल तीन लोगों को अस्पताल लाया गया था।

GNSU Admission Open 2026

सभी का प्राथमिक उपचार किया गया। इनमें कैफ की हालत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जबकि मेराज और गुलाम सरवर को मामूली चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई। इधर घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फरार ट्रक चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।