Home झारखण्ड राजनगर अस्पताल में घोर लापरवाही पर स्वास्थ्य मंत्री सख्त, कार्रवाई के आदेश

राजनगर अस्पताल में घोर लापरवाही पर स्वास्थ्य मंत्री सख्त, कार्रवाई के आदेश

199
0
राजनगर अस्पताल में घोर लापरवाही पर स्वास्थ्य मंत्री सख्त, कार्रवाई के आदेश

सरायकेला-खरसावां। जिले के राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में डिलीवरी के दौरान मां और नवजात शिशु की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से इस मामले को चिकित्सा व्यवस्था की गंभीर विफलता करार दिया है। स्वास्थ्य मंत्री ने टॉर्च और मोबाइल की रोशनी में प्रसव कराए जाने की घटना को शर्मनाक बताते हुए कहा कि यह न केवल लापरवाही है, बल्कि मानवता को झकझोर देने वाली स्थिति है। मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए अस्पताल के प्रभारी चिकित्सक को निलंबित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह को बिना किसी ढिलाई के कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। मंत्री ने सिविल सर्जन को भी कड़ी चेतावनी दी है कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता और जवाबदेही के साथ करें, अन्यथा उनके खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल में डीजी सेट और इनवर्टर जैसी वैकल्पिक बिजली व्यवस्था होने के बावजूद इस तरह की घटना होना पूरी तरह अस्वीकार्य है। डॉ. अंसारी ने दो टूक कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों को जनता की सेवा के लिए नियुक्त किया गया है, न कि लापरवाही के लिए। गरीबों की जान के साथ खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। इधर, उपायुक्त को पूरे मामले की विस्तृत जांच करने और अस्पतालों का नियमित औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही सभी एएनएम और जीएनएम कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करने को कहा गया है। घटना के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

GNSU Admission Open 2026