रामगढ़। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को उपायुक्त ऋतुराज ने सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली, स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई अहम बिंदुओं पर सख्ती दिखाते हुए अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सबसे पहले ड्यूटी रोस्टर की जांच की और निर्देश दिया कि सभी चिकित्सक निर्धारित समय पर ओपीडी और वार्ड में अपनी ड्यूटी सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राउंड के दौरान डॉक्टरों की अनुपस्थिति किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विभिन्न वार्डों का दौरा कर भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत की। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और उपचार व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया और संबंधित अधिकारियों को कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि सभी पात्र मरीजों को इस योजना का लाभ बिना किसी बाधा के मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी मरीज को इलाज के लिए भटकना न पड़े। दवा वितरण व्यवस्था की जांच के दौरान स्टॉक रजिस्टर का निरीक्षण किया गया। उपायुक्त ने डॉक्टरों को निर्देश दिया कि वे केवल अस्पताल में उपलब्ध दवाएं ही लिखें, ताकि मरीजों को बाहर से दवा खरीदने की आवश्यकता न पड़े। इसके अलावा उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, कर्मियों को अनुशासन में रहने और मरीजों के साथ शालीन व्यवहार करने पर जोर दिया। लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना है और इसके लिए नियमित निगरानी जारी रहेगी।







