डीसी ऋतुराज ने गूगल मीट के जरिए बिजली-पानी व्यवस्था की समीक्षा बैठक की

रामगढ़। जिले में भीषण गर्मी को देखते हुए बिजली और पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से मंगलवार को उपायुक्त ऋतुराज ने गूगल मीट के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बिजली और पानी की उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था और जन समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पेयजल आपूर्ति की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में कहीं भी पानी की किल्लत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत में तेजी लाने, पाइपलाइन लीकेज को तत्काल ठीक करने और आवश्यकता पड़ने पर टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल की समस्या को गंभीरता से लेते हुए समय पर समाधान जरूरी है। बिजली आपूर्ति को लेकर उपायुक्त ने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। खराब ट्रांसफार्मरों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द बदलने और तकनीकी खामियों को तुरंत दूर करने पर जोर दिया गया। बैठक में जन शिकायतों के त्वरित निपटारे पर भी विशेष बल दिया गया। उपायुक्त ने कंट्रोल रूम के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया और स्पष्ट किया कि बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समीक्षा के दौरान सभी जूनियर इंजीनियर और सहायक इंजीनियरों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य भीषण गर्मी के दौरान आम लोगों को राहत पहुंचाना है, जिसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA