Home झारखण्ड खूंटी में जंगली हाथी का आतंक, एक व्यक्ति को पटक-पटक कर मार...

खूंटी में जंगली हाथी का आतंक, एक व्यक्ति को पटक-पटक कर मार डाला, इलाके में हड़कंप

134
0
खूंटी में जंगली हाथी का आतंक, एक व्यक्ति को पटक-पटक कर मार डाला, इलाके में हड़कंप

झारखंड के खूंटी जिले में जंगली हाथी के हमले में एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। घटना रनिया थाना क्षेत्र के गढ़शिदम स्थित रायमुंडा जंगल की है, जहां हाथी ने व्यक्ति को पटक-पटक कर मार डाला। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना क्षेत्र के जलासार सरामोडा गांव निवासी लगभग 65 वर्षीय सामुएल पूर्ति के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हमले के बाद उनका शव दो दिनों तक जंगल में ही पड़ा रहा। सोमवार को जब चरवाहे जंगल की ओर गए, तब उन्होंने शव देखा और इसकी सूचना पुलिस व वन विभाग को दी। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू की। परिजनों के अनुसार, सामुएल पूर्ति शनिवार को घर से गढ़शिदम बाजार जाने के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चल सका। दो दिन बाद जंगल में शव मिलने की खबर से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में वन विभाग ने पुष्टि की है कि मौत जंगली हाथी के हमले से हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल 15 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई है, जबकि नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में इन दिनों हाथियों का आतंक बढ़ गया है, जिससे लोग भयभीत हैं। प्रशासन से मांग की जा रही है कि निगरानी बढ़ाकर ऐसी घटनाओं को रोकने के ठोस उपाय किए जाएं।

GNSU Admission Open 2026