क्लासरूम में शिक्षक बनकर पहुंचे डीएम, बच्चों ने भी दागे कई सवाल

मोतिहारी। Motihari के पूर्वी चंपारण जिले में शनिवार को जिलाधिकारी Saurabh Jorwal का अनोखा अंदाज देखने को मिला। डीएम सुबह करीब 10 बजे लखौरा स्थित श्री रामदवन विभीषण उच्च माध्यमिक +2 विद्यालय (आदर्श विद्यालय) के औचक निरीक्षण पर पहुंचे, जहां उन्होंने प्रशासनिक अधिकारी के बजाय एक शिक्षक की भूमिका निभाकर सभी को चौंका दिया। विद्यालय पहुंचते ही डीएम सीधे कक्षा में गए और बच्चों से संवाद शुरू किया। शुरुआत में बच्चे उन्हें देखकर थोड़ा संकोच में थे, लेकिन जैसे ही उन्होंने शिक्षक की तरह पढ़ाना और सवाल पूछना शुरू किया, माहौल पूरी तरह बदल गया। बच्चों ने भी उत्साह के साथ सामान्य ज्ञान से जुड़े सवालों के जवाब दिए और खुद भी डीएम से कई प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सहजता से उत्तर दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्कूल में उपलब्ध स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी और जिम की सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और छात्रों की अनुशासित उपस्थिति की सराहना की। साथ ही शिक्षकों से पढ़ाई की गुणवत्ता के बारे में जानकारी लेते हुए इसे और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर माहौल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों के प्रति संवेदनशील रहने और उनके सर्वांगीण विकास पर ध्यान देने की सलाह दी। जिलाधिकारी के इस सहज और प्रेरणादायक व्यवहार की छात्रों और शिक्षकों के बीच खूब चर्चा हो रही है। उनके इस पहल से बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA