प्रेमिका से शादी की जिद में टावर पर चढ़ा युवक, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के योगपट्टी थाना क्षेत्र स्थित नवगांवा गांव में मंगलवार की अहले सुबह उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक युवक अपनी प्रेमिका से शादी की जिद को लेकर ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान लौकरिया धनुषाटोली निवासी रंजीत कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रंजीत का पड़ोस के ही एक गांव की युवती से प्रेम संबंध है और वह उससे शादी करना चाहता है। इसी मांग को लेकर वह रात करीब दो बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और ऊपर से ही जोर-जोर से अपनी बात रखने लगा। सुबह होते ही जब ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया। कई घंटों तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयम बनाए रखा और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश जारी रखी। आखिरकार कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम युवक को सकुशल नीचे उतारने में सफल रही। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि युवक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, वहीं पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि ऐसे मामलों में धैर्य बनाए रखें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA