रोहतास। डेहरी प्रखंड के जमुहार स्थित गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित सूचना प्रौद्योगिकी एवं अभियांत्रिकी विभाग के तत्वावधान में शनिवार से एक सप्ताह तक चलने वाले छात्र विकास कार्यक्रम आई ई ई ई का शुभारंभ हो गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विश्वविद्यालय के कुलाधिपति गोपाल नारायण सिंह ने संकाय के छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम आप सभी के लिए अभियांत्रिकी का विश्व स्तरीय प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगा। इससे जुड़कर आप सभी अभियांत्रिकी के क्षेत्र में नये इनोवेशन और शोध के साथ जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा । उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा दिए गए व्याख्यान, इसमें आयोजित कार्यशाला एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से आप सबको नई-नई तकनीक की जानकारी और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा जो कि आपके भविष्य को काफी रचनात्मक बनाएगा ।
उन्होंने इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए संकाय के डीन डॉक्टर पंकज दशोर को साधुवाद दिया एवं सभी शिक्षकों का आह्वान किया कि आप सभी नवागंतुक शिक्षकों एवं छात्रों को अपने अनुभव का लाभ दें तथा इस कार्यक्रम के माध्यम से अभियांत्रिकी के क्षेत्र में सहयोग करें ।इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ जगदीश सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को ऐसी उम्मीद है कि कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को नई तकनीक को समझने, अपने कौशल को विकसित करने और भविष्य की चुनौतियों के लिए खुद को बेहतर ढंग से तैयार करने का अवसर प्राप्त होगा कार्यक्रम को संस्थान के कुल सचिव डॉक्टर कुमार आलोक प्रताप ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के आरंभ में संकाय के डीन डॉक्टर दशोर ने सभी आगत अतिथियों का स्वागत किया एवं आई ई ई ई कार्यक्रम की विशेषताओं एवं इसके लाभ पर विस्तृत प्रकाश डाला। उल्लेखनीय है कि इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 350 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं तथा प्रत्येक दिन नए-नए विषयों पर आधारित व्याख्यान ऑनलाइन माध्यम से विशेषज्ञों के द्वारा छात्रों के बीच प्रसारित किया जाना है। कार्यक्रम में संस्थान प्रबंधन की सदस्य डॉक्टर मोनिका सिंह ,सभी संकायों के डीन एवं डायरेक्टर्स तथा वरीय शिक्षक भी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का आरंभ सभी अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया तथा छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया।







