13-year-old girl raped in Lucknow, five accused including main accused arrested

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र में एक 13 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है और पुलिस ने इन सिलसिले में मुख्य आरोपी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपियों ने मंगलवार रात काम से लौटते समय किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। किशोरी मूल रूप से कन्नौज की रहने वाली है और अपने परिवार के साथ आशियाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहती है। उसके पिता राजमिस्त्री हैं, जबकि मां घरों में काम करती हैं। परिजनों के अनुसार मां की तबीयत खराब होने के कारण मंगलवार शाम को किशोरी उनकी जगह काम पर गई थी।

रात करीब साढ़े आठ बजे काम से लौटते समय आंधी-पानी के चलते वह एक निर्माणाधीन मकान में रुक गयी। इसी दौरान आरोपी किशोर अपने चार साथियों के साथ वहां पहुंचा और वारदात को अंजाम दिया। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने किशोरी की तलाश शुरू की। रास्ते में निर्माणाधीन मकान से आवाज आने पर परिजन वहां पहुंचे, जहां किशोरी बदहवास हालत में मिली। परिजनों ने किशोरी के हाथ-पैर खोले और मुंह से कपड़ा निकाला। परिजनों को देखकर आरोपी मौके से भागने लगे। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग भी जुट गए और आरोपियों को घेर लिया।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

भागने के दौरान दो आरोपी छत से कूद गए, जिससे उन्हें चोट आई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मुख्य आरोपी किशोर सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पीड़ित किशोरी को तत्काल लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विक्रांत वीर ने बताया कि किशोरी के बयान के आधार पर 17 वर्षीय मुख्य आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कुल पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।