सासाराम (रोहतास)। ग्रामीण क्षेत्रों की करीब 35 से 40 प्रतिशत भूमिहीन जमीन और रोजगार की कानूनी गारंटी की मांग को लेकर अखिल भारतीय किसान मजदूर सभा के द्वारा शुरू किए गए आंदोलन के पहले चरण में सोमवार को जन चेतावनी प्रदर्शन का आयोजन किया गया। जिसमें सासाराम मैदानी इलाके के विभिन्न अंचलों के भूमिहीन लोग भारी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शनकारी हाथों में झंडा बैनर लिए हुए रेलवे मैदान से पुरानी जीटी रोड होते हुए समाहरणालय के मुख्य द्वार पर पहुंचे और वहां अपनी मांगों को लेकर नारे लगाते हुए नजर आए। प्रदर्शन की अध्यक्षता व संचालन जिला अध्यक्ष राजेश पासवान ने किया। इस मौके पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजेश पासवान ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में 3541 प्रतिशत भूमिहीनों के हित में लंबे संघर्ष के बाद बनाए गए भूमि सुधार कानूनों एवं रोजगार गारंटी कानून मनरेगा का खेल खत्म कर अपनी इरादा जाहिर कर दिया है।
वही इस मौके ए आई के एम एस के उत्तर क्षेत्रीय कमेटी के संयोजक सुखारी राम ने डबल इंजन की सरकार पर जनता के साथ धोखाधड़ी का आरोप लगाया तो वही जिला सचिव अयोध्या राम ने कहा कि जिले में कुल भूदान की 43956 एकड़ 48.4 डिसमिल भूमि है। मौके पर अन्य वक्ताओं में नेता काशीनाथ प्रेमी, अक्षयबर शाह, चंदा देवी, जनवादी ऑटो चालक मजदूर संघ के महासचिव दिनेश कुमार सिंह, नौजवान भारत सभा के संजय क्रांति, अमित सम्राट एवं रोहित पासवान आदि मुख्य थे। प्रदर्शनकरियों का नेतृत्व कर रहे अखिल भारतीय किसान मजदूर सभा की नेतृत्वकारी टीम ने समाहर्ता रोहतास को जिले की ज्वलंत भूमि समस्याओं से संबंधित 22 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन भी समाहर्ता रोहतास को सौंपा ।







