मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां इंटरमीडिएट परीक्षा के परिणाम से निराश एक छात्रा ने अपनी जान गंवा दी। यह मामला नगर पंचायत क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव का है। जानकारी के अनुसार, छात्रा अल्पना रानी (18 वर्ष), पिता मिंटू राम, ने इंटर परीक्षा में सेकेंड डिविजन प्राप्त किया था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी आहत हो गई थी।
परिजनों ने बताया कि अल्पना पढ़ाई में मेधावी थी और उसे इस बार फर्स्ट डिविजन की उम्मीद थी। रिजल्ट आने के बाद से ही वह तनाव में थी और किसी से ज्यादा बातचीत भी नहीं कर रही थी। शाम के समय उसने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक जब दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को शक हुआ। दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर परिजनों ने उसे कमरे में लटका हुआ पाया।घटना के बाद परिवार के लोग उसे तुरंत सरैया के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH), मुजफ्फरपुर भेजा गया है। साथ ही, एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।यह घटना एक बार फिर परीक्षा परिणाम के दबाव और मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दे को सामने लाती है, जिस पर समाज और अभिभावकों को गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।







