
सासाराम (रोहतास)। नगर निगम क्षेत्र के निवासियों के लिए पेयजल समस्या से राहत देने वाली एक बड़ी पहल सामने आई है। लंबे समय से शहर में पानी की किल्लत से जूझ रहे लोगों को अब स्थायी समाधान मिलने की उम्मीद जगी है। नगर निगम द्वारा 7 करोड़ 74 लाख 30 हजार रुपये की लागत से कुल 145 वाटर वैट (जल भंडारण) योजनाओं के लिए निविदा आमंत्रित की गई है।
इस योजना के तहत शहर के विभिन्न वार्डों में स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। खासकर गर्मी के मौसम में पानी की समस्या से परेशान लोगों को इससे काफी राहत मिलने की संभावना है। नगर निगम के इस कदम को शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।
मेयर काजल कुमारी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि नगर निगम का एकमात्र लक्ष्य शहरवासियों को बेहतर सुविधा और सुरक्षित जीवन प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि यह योजना जनता की मूलभूत जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई गई है और इसे जल्द ही धरातल पर उतारने की दिशा में कार्य तेज कर दिया गया है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी नगर निगम द्वारा ऐसी योजनाएं लाई जाती रहेंगी, जिससे सासाराम को एक विकसित और आधुनिक शहर बनाया जा सके।






