
सहरसा: बिहार के सहरसा सदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। अज्ञात बदमाशों ने थार गाड़ी में सवार एक युवक को गोलियों से भूनकर बेरहमी से हत्या कर दी। हमलावर दो बाइकों पर सवार होकर आए थे और उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। युवक के शरीर में करीब 12 गोलियां लगी हैं। घटना के वक्त गाड़ी में मौजूद मृतक के तीन दोस्त पुलिस के पहुंचते ही मौके से फरार हो गए, जिसके बाद परिजनों ने उनकी भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मृतक की पहचान सहरसा नगर निगम के वार्ड संख्या 32 स्थित विद्यापति नगर मोहल्ला निवासी 29 वर्षीय सतीश कुमार झा उर्फ छोटू मिश्रा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सतीश के पिता आर्मी से रिटायर्ड हैं और वह दो भाइयों में सबसे छोटा था। जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब 10:20 बजे की है।
सतीश कुमार अपनी थार गाड़ी से मीरा टॉकीज सिनेमा रोड के रास्ते घर लौट रहा था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार करीब पांच बदमाशों ने उसकी गाड़ी को घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने सतीश की आंख, माथे, गले, छाती और पीठ को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सतीश के साथ थार में उसके तीन दोस्त भी मौजूद थे, जिनकी पहचान रोशन कुमार सिंह, सुमित कुमार सिंह और गांधी कुमार यादव के रूप में हुई है। तीनों विद्यापति नगर के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इन्हीं लोगों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन पुलिस के पहुंचते ही तीनों वहां से फरार हो गए। मृतक के बड़े भाई आशीष कुमार ने बताया कि वह अपने घायल भाई को लेकर शहर के सूर्या क्लीनिक पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने फरार हुए तीनों दोस्तों की भूमिका पर शक जताया है, जिसके बाद पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। इधर, सहरसा सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। मौके से 9 एमएम के 7 खोखे, 5 अन्य एमएम के खोखे और 3 पिकेट सहित कुल 15 खोखे बरामद किए गए हैं। साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एसडीपीओ के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही हत्याकांड का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।






