पटना। बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम ने गुरुवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राजनीतिक रूप से कमजोर करने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को भी खत्म कर देगी। श्री राम ने आज संवाददाताओं से कहा कि भाजपा ने मुख्यमंत्री श्री कुमार को राज्यसभा भेजने के लिए मजबूर कर उन्हें राजनीतिक रूप से खत्म कर दिया।
उन्होंने कहा कि श्री कुमार के संसद के उच्च सदन में भेजने की पहल के साथ ही 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान दिया गया नारा “पच्चीस से तीस, फिर से नीतीश” बेनकाब हो गया है।उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है कि भाजपा की योजना जदयू को भी राज्य के राजनीतिक क्षितिज से खत्म करने की है। कांग्रेस के अध्यक्ष श्री राम ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी अपने सहयोगियों के प्रति कभी ईमानदार नहीं रही है। उन्होंने कहा कि “क्या 2030 का साल आ गया है?” उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने नीतीश कुमार को पांच साल के लिए जनादेश दिया था, लेकिन भाजपा ने उन्हें छह महीने के भीतर ही पद से हटा दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा ने वोट हासिल करने के लिए मुख्यमंत्री श्री कुमार को एक मुखौटे की तरह इस्तेमाल किया। श्री राम ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार के नाम पर वोट लेने के बाद भाजपा ने केवल छह महीने के भीतर ही उन्हें हटा दिया।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद से हटाने के लिए भाजपा ने जो “गंदी राजनीति” की, उससे वे बेहद आहत हैं। कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के पद से श्री कुमार हटाने के लिए भाजपा ने उन्हें मानसिक रूप से कमजोर करने के लिए भी कई तरह की “गंदी चालें” चलीं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाया जाना जद(यू) कार्यकर्ताओं की भावनाओं की हत्या के समान है।







