छपरा। बिहार के सारण जिला अंतर्गत नगरा थाना क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विवाह के मात्र तीन महीने बाद ही ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगा है।
मृतका सरिता कुमारी (28) के पिता कमल यादव, जो रिविलगंज थाना क्षेत्र के औली गांव के निवासी हैं ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया है कि 29 नवंबर को उनकी पुत्री की शादी रामचौरा गांव निवासी जितेंद्र कुमार यादव से हुई थी, जो सेना में कार्यरत हैं और वर्तमान में जम्मू- कश्मीर में तैनात हैं।
रविवार देर रात सूचना मिली कि सरिता की तबीयत खराब है। ससुराल पहुंचने पर उन्होंने अपनी पुत्री का शव आंगन में पड़ा पाया, जबकि ससुराल वाले फरार थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल भेजा और प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी शुरू कर दी है।







