लाइफस्टाइल: शहरी घरों में छत या पानी की टंकी के नीचे पीपल का उगना अक्सर बड़ी समस्या बन जाता है। इसकी जड़ें इतनी मजबूत होती हैं कि कंक्रीट और लेंटर में दरारें पैदा कर सकती हैं, जिससे छत से पानी टपकने जैसी समस्याएं शुरू हो जाती हैं। आम तौर पर लोग इसे बार-बार काटते हैं, लेकिन कुछ ही दिनों में यह फिर से पनप जाता है।
यूनिक फार्मिंग के सोशल मीडिया अकाउंट पर इस समस्या का आसान और असरदार घरेलू समाधान साझा किया गया है। इसके लिए रसोई में मौजूद नमक, चूना और फिटकरी की जरूरत होती है। यह तीनों मिलकर पौधे की कोशिकाओं को अंदर से सुखा देते हैं और इसे हमेशा के लिए खत्म कर देते हैं।
प्रक्रिया इस प्रकार है: सबसे पहले पीपल के पौधे को ऊपर से काटकर जड़ें साफ कर लें। एक गिलास पानी में 2 चम्मच नमक, 1 चम्मच चूना और 1 चम्मच पिसी हुई फिटकरी डालकर अच्छी तरह घोलें। तैयार मिश्रण को सीधे जड़ों और उनके आसपास की दरार में डालें। नमक और फिटकरी जड़ों की नमी सोख लेंगे, जबकि चूना पौधे की कोशिकाओं को प्रभावित करके उसे दोबारा उगने से रोक देगा।
सावधानी: मिश्रण को आंखों या त्वचा पर न लगने दें क्योंकि चूना और फिटकरी जलन पैदा कर सकते हैं। घोल डालने के बाद कम से कम 24 घंटे तक पानी न डालें। जब पौधा पूरी तरह सूख जाए, तो दरार को सीमेंट या वॉटरप्रूफिंग कंपाउंड से भर दें।
यूनिक फार्मिंग के अनुसार, यह नुस्खा सिर्फ पीपल के लिए ही नहीं, बल्कि बरगद और अन्य जिद्दी जंगली पौधों को हटाने में भी मददगार है। नियमित निरीक्षण और छत की नमी नियंत्रित करने से भविष्य में ऐसे पौधों के उगने की संभावना कम हो जाती है।
इस आसान और घरेलू तरीका से अब शहरी घरों में पानी की टंकी और छत की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।







