पटना। बिहार में 22 से 27 फरवरी तक राज्य स्तर पर बिहार पुलिस सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर जिला पुलिस और अन्य पुलिस इकाइयों की ओर से जन- जागरूकता, खेल, सांस्कृतिक और सामाजिक सरोकार से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच आपसी विश्वास और सहयोग को और मजबूत करना है।
बिहार पुलिस सप्ताह का उद्घाटन समारोह रविवार, 22 फरवरी को अपराह्न 2:30 बजे बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से आयोजित किया जायेगा। उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी शामिल होंगे। वे मिथिलेश स्टेडियम में गुब्बारा विमोचन कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ करेंगे।
इस अवसर को और भी यादगार बनाने के लिये बिहार पुलिस टीम और नागरिक फुटबॉल क्लब के बीच एक मैत्री फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया है। यह मैच पुलिस और नागरिकों के बीच सौहार्द, खेल भावना और सकारात्मक संवाद का प्रतीक बनेगा। बिहार पुलिस सप्ताह के दौरान राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से कानून- व्यवस्था, यातायात जागरूकता, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और युवा सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक किया जायेगा।







