जनप्रतिनिधियों संग समीक्षा बैठक, फार्मर रजिस्ट्री शिविर का निरीक्षण कर किसानों से आईडी बनवाने की अपील
रोहतास (बिहार) डिहरी: रोहतास की जिला पदाधिकारी उदिता सिंह ने डिहरी प्रखंड परिसर पहुंचकर जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की तथा जनता दरबार में आम लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की गई। प्रखंड प्रमुख मनीष कुमार एवं उप प्रमुख प्रियंका देवी ने अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ जिला पदाधिकारी का फूलमाला एवं बुके देकर स्वागत किया। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा।
इनमें भूमि विवाद, सड़क जाम की समस्या और प्रशासनिक स्तर पर लंबित मामलों को लेकर चर्चा हुई। जनता दरबार में सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद से संबंधित प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों का त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रखंड कार्यालय परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागीय एवं सामाजिक स्टालों का भ्रमण किया। बुनकरों द्वारा लगाए गए स्टाल तथा छात्रों के रचनात्मक प्रयासों की उन्होंने विशेष रूप से सराहना की……. इस अवसर पर उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री विशेष शिविर का भी निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने किसान बंधुओं से अपील की कि द्वितीय चरण के अंतर्गत अपनी फार्मर रजिस्ट्री आईडी अनिवार्य रूप से बनवाएं, ताकि उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं, कृषि सब्सिडी, फसल सहायता एवं डिजिटल सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रणाली से पारदर्शिता बढ़ेगी और किसानों को सीधे योजनाओं का लाभ प्राप्त होगा। जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को जनहित को सर्वोपरि रखते हुए संवेदनशीलता, तत्परता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि रोहतास जिले में सुशासन और प्रभावी प्रशासन सुनिश्चित किया जा सके। कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त,अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी डेहरी, डेहरी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।







