Home राष्ट्रीय दिल्ली के स्कूलों में बम की धमकी से हड़कंप, ईमेल से फैली...

दिल्ली के स्कूलों में बम की धमकी से हड़कंप, ईमेल से फैली दहशत, पुलिस ने बताया अफवाह

100
0
Bomb threat in Delhi schools, panic spread through email, police say it's a rumour

नयी दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कई नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, अग्निशमन विभाग, बम निरोधक दस्ते और श्वान दल हरकत में आ गए। हालांकि, व्यापक जांच के बाद सभी धमकियों को झूठा करार दिया गया और किसी भी स्कूल परिसर में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, सुबह करीब 8.30 बजे उन्हें बम धमकी की जानकारी मिली थी। इसके बाद दिल्ली कैंटोनमेंट स्थित लॉरेटो कॉन्वेंट, चित्तरंजन पार्क के डॉन बोस्को स्कूल, आनंद निकेतन और द्वारका स्थित कार्मल कॉन्वेंट सहित कई स्कूलों में सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल तलाशी अभियान चलाया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि लोधी एस्टेट स्थित सरदार पटेल विद्यालय, आर.के. पुरम का दिल्ली पब्लिक स्कूल, बाराखंबा रोड का मॉडर्न स्कूल और चाणक्यपुरी स्थित संस्कृति स्कूल को भी धमकी वाले ईमेल मिले थे।

GNSU Admission Open 2026

सुरक्षा के मद्देनज़र स्कूल परिसरों को खाली कराया गया और छात्रों व कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया कि मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन करते हुए हर कोने की गहन जांच की गई, लेकिन कहीं भी कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद सभी धमकियों को अफवाह घोषित कर दिया गया।

सरदार पटेल विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों को संदेश भेजकर स्थिति की जानकारी दी और बताया कि बम निरोधक दस्ते द्वारा पूरी जांच के बाद परिसर को सुरक्षित घोषित कर दिया गया है। स्कूल ने स्पष्ट किया कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कक्षाएं सामान्य रूप से संचालित होंगी।

पुलिस ने बताया कि धमकी भेजने वालों की पहचान और स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है। गौरतलब है कि इससे पहले दिल्ली, चंडीगढ़ और पंजाब-हरियाणा सचिवालय सहित कई स्थानों पर भी इसी तरह की बम धमकियां मिली थीं, जो जांच के बाद झूठी पाई गईं। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता जरूर बढ़ा दी है, लेकिन त्वरित कार्रवाई से किसी भी तरह की अनहोनी टल गई।

GNSU Admission Open 2026