
महाराष्ट्र: महाराष्ट्र की राजनीति के कद्दावर नेता और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख तथा उपमुख्यमंत्री अजित पवार के अचानक निधन से राज्य ही नहीं, बल्कि पूरे देश में शोक की लहर है। उनके निधन को न केवल महाराष्ट्र की राजनीति के लिए, बल्कि उनके लाखों समर्थकों और शुभचिंतकों के लिए भी अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
अजित पवार का अंतिम संस्कार आज सुबह 11 बजे बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट (प्रोटोकॉल) के अनुसार, अंतिम संस्कार की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इससे पहले उनका पार्थिव शरीर काटेवाड़ी स्थित उनके आवास पर लाया गया, जहां परिवार के सदस्यों, समर्थकों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।
बुधवार शाम को पवार का पार्थिव शरीर पुणे जिले के विद्या प्रतिष्ठान कैंपस में रखा गया था, जहां हजारों की संख्या में लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे। फूलों से सजे वाहन के पहुंचते ही “अजित पवार दादा अमर रहें” और “दादा वापस आओ” जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। समर्थकों की आंखों में आंसू और चेहरों पर गहरा शोक साफ झलक रहा था।
आज सुबह 9 बजे तक पार्थिव शरीर काटेवाड़ी आवास पर रखा गया, जिसके बाद उसे जीडी माडगुलकर ऑडिटोरियम ले जाया गया। वहीं से अंतिम यात्रा शुरू होकर विद्या प्रतिष्ठान मैदान तक पहुंचेगी, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न होगा।
गौरतलब है कि अजित पवार (66) का निधन बुधवार सुबह एक दर्दनाक विमान हादसे में हुआ, जब बारामती हवाई अड्डे के पास एक चार्टर्ड विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में उनके साथ चार अन्य लोगों की भी मौत हो गई।
अंतिम संस्कार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई वरिष्ठ नेता और विभिन्न दलों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। अधिकारियों ने यह भी बताया है कि अजित पवार की स्मृति में बारामती में एक स्मारक बनाए जाने की योजना है।






