चेन्नई। तमिलनाडु के दक्षिणी तटीय थूथुकुडी जिले के माप्पिलैयुरानी गांव में समुद्र में नहाते समय तीन किशोर छात्रों की डूबने से मौत हो गयी। मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने मंगलवार को उनकी मौत पर शोक व्यक्त किया और उनके परिवारों को तीन-तीन लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को गणतंत्र दिवस की छुट्टी होने के कारण छात्र थिरुमणि (13), नरेन श्री कार्तिक (12) और मुगेंद्रन (12) सिलुवैपत्ती मोट्टई गोपुरम समुद्र तट पर आये और स्नान करने के लिए पानी में उतरे। इस दौरान तीनों छात्र समुद्री लहरों में बह गये जिससे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गयी। सूचना मिलने पर पुलिस एवं अग्निशमन कर्मियों ने तलाशी अभियान चलाया। तीनों छात्रों का शव देर रात में समुद्र तट पर बहकर पहुंच गए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। वही तीनों छात्रों की डूबने से हुई मौत पर मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने गहरा दुख एवं शोक व्यक्त किया और मुख्यमंत्री के सार्वजनिक राहत कोष से मुआवजे की घोषणा की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना भी व्यक्त की।







