Home मनोरंजन सनी देओल का तूफान बरकरार, पहले दिन ही ‘बॉर्डर 2’ ने तोड़ा...

सनी देओल का तूफान बरकरार, पहले दिन ही ‘बॉर्डर 2’ ने तोड़ा रिकॉर्ड, ‘धुरंधर’ पर भारी

143
0
Sunny Deol's storm continues, 'Border 2' breaks records on opening day, overshadows 'Dhurandhar'

एंटरटेनमेंट डेस्क: 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई बहुप्रतीक्षित वॉर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने आते ही बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार एंट्री कर ली है। दर्शक लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार कर रहे थे और रिलीज के पहले से ही इसका ट्रेलर व गाने जबरदस्त चर्चा में थे। अब थिएटर्स में पहुंचते ही फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है, जिसका असर सीधे बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में दिखा है।

अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी इस इमोशनल वॉर ड्रामा में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी जैसे बड़े सितारे नजर आ रहे हैं। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘बॉर्डर 2’ ने ओपनिंग डे पर करीब 30 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की है। इस रिकॉर्डतोड़ शुरुआत के साथ फिल्म ने 5 दिसंबर को रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म ‘धुरंधर’ के पहले दिन के 28 करोड़ रुपये के कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है। इतना ही नहीं, बीते साल की टॉप ओपनिंग फिल्मों में शामिल ‘सैयारा’ (21.5 करोड़) को भी ‘बॉर्डर 2’ ने मात दे दी।

GNSU Admission Open 2026

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार करीब 275 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म 1971 के भारत-पाक युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है और साल 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है। दिलचस्प बात यह है कि मूल ‘बॉर्डर’ ने अपने पूरे रन में 39.30 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था, जिसे ‘बॉर्डर 2’ शुरुआती दिनों में ही पार करने की ओर बढ़ रही है। लगातार तीन दिन की छुट्टियों और 26 जनवरी की राष्ट्रीय छुट्टी का फायदा फिल्म को आगे और मजबूती दे सकता है।

वहीं, लंबे समय से बॉक्स ऑफिस पर राज कर रही ‘धुरंधर’ भी अब 50 दिन पूरे कर चुकी है और कुल कलेक्शन 831 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। दूसरी ओर, आमिर खान प्रोडक्शंस की ‘हैप्पी पटेल खतरनाक जासूस’ पर ‘बॉर्डर 2’ की रिलीज का असर साफ नजर आ रहा है। कुल मिलाकर, ‘बॉर्डर 2’ की धमाकेदार ओपनिंग ने बॉक्स ऑफिस की तस्वीर पूरी तरह बदल दी है।

GNSU Admission Open 2026