
एंटरटेनमेंट डेस्क: साउथ सुपरस्टार धनुष और बॉलीवुड अभिनेत्री मृणाल ठाकुर को लेकर पिछले काफी समय से अफेयर की खबरें सुर्खियों में हैं। दोनों का नाम बीते एक साल से लगातार एक-दूसरे के साथ जोड़ा जा रहा है। फैंस भी इस जोड़ी को लेकर बेहद उत्साहित हैं और चाहते हैं कि दोनों अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप से स्वीकार करें। हालांकि अब तक न तो धनुष और न ही मृणाल ने इन खबरों पर खुलकर कोई प्रतिक्रिया दी है।
इसी बीच इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों के हवाले से बड़ी जानकारी सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक धनुष और मृणाल अपने रिश्ते को नया मुकाम देने की तैयारी कर रहे हैं और दोनों इस वेलेंटाइन डे यानी 14 फरवरी को शादी के बंधन में बंध सकते हैं। फ्री प्रेस जर्नल में छपी एक खबर के अनुसार दोनों परिवारों के बीच बातचीत अंतिम दौर में है और शादी को लेकर तैयारियां भी अंदरखाने शुरू हो चुकी हैं। हालांकि इस खबर की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पिछले साल एक इंटरव्यू के दौरान जब मृणाल ठाकुर से धनुष के साथ रिश्ते को लेकर सवाल पूछा गया था, तब उन्होंने साफ कहा था कि वह और धनुष सिर्फ अच्छे दोस्त हैं। वहीं धनुष ने भी इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है। इसके बावजूद दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया, जिसके बाद डेटिंग की अटकलों को और हवा मिल गई।
फिल्मी गलियारों में चर्चा है कि दोनों की नजदीकियां एक प्रोजेक्ट के दौरान बढ़ीं। धनुष जहां साउथ सिनेमा के बड़े स्टार हैं, वहीं मृणाल ठाकुर ने हिंदी फिल्मों के साथ-साथ साउथ इंडस्ट्री में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई है। ऐसे में यह जोड़ी पैन इंडिया फैंस के बीच खासा पसंद की जा रही है।
अब सबकी नजरें 14 फरवरी पर टिकी हैं। अगर ये खबरें सच साबित होती हैं तो यह साल की सबसे चर्चित शादियों में से एक होगी। फिलहाल फैंस दोनों की ओर से आधिकारिक ऐलान का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।






