
सासाराम। रोहतास जिले के डेहरी प्रखंड के पतपुरा पंचायत अंतर्गत दुर्गापुर स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य किरण कुमारी द्वारा विद्यालय के शिक्षकों के साथ बदसुलूकी और दुर्व्यवहार को लेकर विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने मोर्चा खोल दिया है। प्रधानाचार्य किरण कुमारी द्वारा दुर्व्यवहार को लेकर शिक्षकों ने रोहतास के डीसीसी से गुहार लगाई है। विद्यालय के सभी शिक्षकों ने शुक्रवार को डीडीसी से मुलाकात कर प्रधानाचार्या के खिलाफ लिखित शिकायत आवेदन दिया है।
शिक्षकों का आरोप है कि विद्यालय की प्रधानाचार्य किरण कुमारी गलत तरीके से छात्र-छात्राओं से परीक्षा शुल्क, रजिस्ट्रेशन और कार्ड बनाने के लिए अलग से पैसे की उगाही करती है और शिक्षकों द्वारा इसका विरोध करने पर शिक्षकों का सीएल और एसएल रद्द करने की धमकी देती है साथ ही निलंबित करने की भी धमकी देती है। इतना ही नहीं विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं के साथ झगड़ा भी करती हैं। विद्यालय के कर्मियों का आरोप है कि प्रधानाचार्य द्वारा गलत तरीके से फोटो और वीडियो बनाया जाता है और उन्हें धमकी दी जाती है। जिस कारण विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहे हैं।
शिक्षिकाओं का कहना है कि जब अपने बच्चे को ब्रेस्ट फीडिंग भी कराती है तो उसका भी वीडियो और फोटो प्रिंसिपल लेती हैं। उनलोगों ने कहा कि इस तरह का वीडियो का गलत इस्तेमाल न हो इसका भी डर लगा रहता है। शिक्षिकाओं का कहना है कि पूर्व में भी किरण कुमारी इस तरह का वीडियो वायरल कर चुकी है। विद्यालय के शिक्षिकाओं ने आरोप लगाया कि शिक्षकों के साथ अपमानजनक और अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करती है। इधर डीडीसी ने महिला शिक्षकों से मामले की पूरी जानकारी ली और जांच कर इस पर कार्रवाई करने की बात कही है।






