पटना: छपरा में जदयू को उस वक्त बड़ा झटका लगा जब पार्टी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष अल्ताफ आलम राजू ने आरजेडी की सदस्यता ले ली। अल्ताफ आलम ने मढ़ौरा विधानसभा क्षेत्र से टिकट नहीं मिलने पर बागी होकर नामांकन दाखिल किया था, लेकिन तकनीकी कारणों से उनका नामांकन रद्द हो गया था। अब उन्होंने कहा कि वे तेजस्वी यादव की विचारधारा और जनता के लिए उनके संघर्ष से प्रभावित होकर आरजेडी में शामिल हो रहे हैं। पार्टी ज्वॉइन करने के बाद उन्होंने अपने पुराने मित्र शैलेंद्र प्रताप का आभार जताया और कहा कि वे बिहार में बदलाव की राजनीति के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेंगे। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच जन अधिकार पार्टी (JAP) के प्रमुख पप्पू यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं। वैशाली जिले के सहदेई प्रखंड के नयागांव पूर्वी पंचायत के मनियारी गांव में बाढ़ पीड़ितों को आर्थिक मदद देने के मामले में अब उन्हें इनकम टैक्स विभाग से नोटिस मिला है। बताया जाता है कि आचार संहिता लागू होने के बाद पप्पू यादव ने करीब 80 बाढ़ पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दी थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद सहदेई थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। उन पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया गया था। इस मामले पर पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “मुझे इनकम टैक्स का नोटिस मिला है, बाढ़ पीड़ितों की मदद को अपराध बताया गया है। अगर यह अपराध है, तो मैं हर पीड़ित की मदद का यह अपराध करता रहूंगा।”
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का माहौल अब पूरी तरह गरमाने लगा है। पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को होगी, जबकि दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को और 14 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। यानी अब चुनावी रण का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। चुनाव से पहले महागठबंधन ने एनडीए पर मुख्यमंत्री चेहरा तय न करने का आरोप लगाया था। इसके जवाब में एनडीए के कई बड़े नेताओं नित्यानंद राय, राजीव प्रताप रुडी और उपेंद्र कुशवाहा ने साफ कहा है कि इस बार भी नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री पद के चेहरा हैं। शनिवार को गृहमंत्री अमित शाह ने रैली के दौरान एनडीए सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। इसके जवाब में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नीति आयोग की बैठकों में तक शामिल नहीं होते, तो राज्य में निवेश लाने की बात करना बेमानी है। वहीं आज, रविवार को किशनगंज में तेजस्वी यादव की बड़ी रैली होनी है, जहां वे चुनावी मुद्दों और जनता के भरोसे को लेकर अपने अभियान को और आगे बढ़ाएंगे। बिहार चुनाव से जुड़ी हर ताजा जानकारी और सियासी हलचल पर सबकी निगाहें टिकी हैं







