
मुंबई: बॉलीवुड के चर्चित फिल्मकार राजकुमार संतोषी की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ की मुंबई में आयोजित विशेष स्क्रीनिंग चर्चा का विषय बन गई। इस स्क्रीनिंग में विभिन्न धर्मों के आध्यात्मिक और धार्मिक गुरु एक मंच पर नजर आए और फिल्म के प्रेम, भाईचारे तथा इंसानियत के संदेश की खुलकर सराहना की। 14 अगस्त को पार्टिशन डे के अवसर पर रिलीज हुई ‘बंटवारा 1947’ भारत-विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म है। फिल्म नफरत और बंटवारे के दौर में इंसानियत, प्रेम और सामाजिक एकता के महत्व को दर्शाती है।
विशेष स्क्रीनिंग में महर्षि भृगु पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर श्री गुरुजी गोस्वामी सुशील गिरि जी महाराज, योग मनीषी आचार्य श्री विवेक मुनि जी महाराज, फादर नोर्बर्ट हरमन एसवीडी, परमजीत सिंह चंडोक, अल्लामा बुनाई हसनी, मौलाना नौशाद अहमद सिद्दीकी, वेन. भंते पूर्ण तथा मुंबई के चीफ मुफ्ती मुफ्ती जियाई हजरत समेत विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि शामिल हुए। धर्मगुरुओं ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को एकजुटता और सौहार्द के संदेश की आवश्यकता है। उनके अनुसार, फिल्म लोगों को नफरत और विभाजन की मानसिकता से ऊपर उठकर प्रेम और मानवता के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती है।
फिल्म में शबाना आजमी, सनी देओल, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह प्रमुख भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि राजकुमार संतोषी और सनी देओल की सफल जोड़ी करीब 30 साल बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ आई है। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता राजकुमार संतोषी ने किया है। फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म के निर्माता आमिर खान और अपर्णा पुरोहित हैं।






